Uncategorized

भाजपा के नौ मंत्र, कितनी आसान होगी सत्ता की हैट्रिक?

Election Special : (धनेश कोठारी)। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी और 60 पार का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। जिसे हासिल करने के लिए पार्टी संगठनात्मक स्तर पर नौ मंत्रों के सहारे चुनावी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। इनमें संगठन की मजबूती, निरंतर जनसंवाद, युवाओं से जुड़ाव, विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार, नैतिकता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता जैसे बिंदु शामिल हैं। हालांकि, बड़ा सवाल यह भी कि क्या ये नौ मंत्र भाजपा के लिए सत्ता की हैट्रिक का रास्ता आसान बना पाएंगे?

दरअसल, उत्तराखंड की राजनीति में लगातार दो बार सरकार बनाने के बाद तीसरी बार सत्ता में वापसी भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती है। प्रदेश में अब तक किसी भी दल ने लगातार तीन बार सरकार बनाने का इतिहास नहीं रचा है। ऐसे में माना जा रहा है, भाजपा की रणनीति का आकलन संगठनात्मक ताकत के साथ सरकार के कामकाज और जनता के अनुभवों की कसौटी पर भी होगा।

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन और कार्यकर्ताओं का नेटवर्क है। बावजूद, लंबे समय तक सत्ता के बाद जनअपेक्षाओं पर खरा उतरना भी महत्वपूर्ण है। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रियता, स्थानीय समस्याओं के समाधान और विधायकों के प्रति जनता का रुझान चुनाव को कितना प्रभावित करेगा, यह नतीजों से ही साफ होगा। इसके अलावा दावेदारों में प्रतिस्पर्धा, गुटबाजी और स्थानीय समीकरण भी पार्टी को चुनौती दे सकते हैं।

चारधाम महामार्ग, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, हवाई संपर्क, धार्मिक पर्यटन, समान नागरिक संहिता, महिला सशक्तीकरण, 30 हजार नियुक्तियां, नकल विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून आदि को भाजपा अपनी प्रमुख उपलब्धियों के तौर पर पेश कर कर रही है। चुनावी विमर्श में इनका भाजपा को कितना चुनावी लाभ मिलेगा, यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि आमजन ने इन योजनाओं और फैसलों से अपने जीवन में कितना बदलाव महसूस किया है।

बेरोजगारी और पलायन उत्तराखंड की राजनीति के ऐसे मुद्दे हैं, जिनसे कोई भी दल किनारा नहीं कर सकता। युवाओं की अपेक्षाएं केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि निजी क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर उद्यम के अवसर भी उनकी प्राथमिकताओं में होंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी सरकार के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण पैमाना हो सकती है।

उत्तराखंड में मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों की अलग-अलग राजनीतिक प्राथमिकताओं के बीच विकास का संतुलन भी अहम होगा। मैदानी इलाकों में शहरीकरण, उद्योग और आधारभूत सुविधाएं प्रमुख मुद्दे हैं, जबकि पहाड़ में पलायन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की चुनौतियां ज्यादा प्रभावी हैं। लिहाजा, भाजपा के सामने ऐसा विकास मॉडल रखने की चुनौती होगी, जिसका असर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में दिखाई दे।

दूसरी ओर, विपक्ष की चुनावी रणनीति भी 2027 के चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगी। बेरोजगारी, महंगाई, स्थानीय समस्याओं और सरकार की कार्यप्रणाली को विपक्ष चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश करेगा। ऐसे में भाजपा के सामने इन सवालों का जवाब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और जमीनी उपलब्धियों के आधार पर देने की चुनौती होगी।

कुल जमा जानकारों की मानें, तो भाजपा के नौ मंत्र उसकी चुनावी तैयारियों की दिशा तो तय करते हैं, लेकिन सत्ता की हैट्रिक का रास्ता केवल संगठनात्मक सक्रियता और प्रचार रणनीति से तय नहीं होगा। टिकट वितरण, मौजूदा विधायकों और मंत्रियों की जनस्वीकार्यता, युवाओं की आकांक्षाएं, स्थानीय नेतृत्व के समीकरण और पहाड़-मैदान के बीच विकास का भरोसा भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे। भाजपा का 60 पार का लक्ष्य कितना व्यावहारिक साबित होता है, यह चुनाव के दौरान जनता के रुख से स्पष्ट होगा। फिलहाल पार्टी के सामने बड़ी चुनौती अपने चुनावी मंत्रों को जमीनी हकीकत और जनविश्वास में बदलने की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button