विकास कार्यों के लिए धामी सरकार ने किए करोड़ों मंजूर

देहरादून, 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा योजना के तहत विद्यालयों और शिक्षक शिक्षा से संबंधित वेतन-भत्तों आदि के लिए ₹445.92 करोड़ की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और विभिन्न जिलों में सड़क, हेलीपैड, पेयजल और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी।
कुंभ मेला-2027 के तहत हरिद्वार के बहादराबाद विकासखंड में गंगा नहर के दायें किनारे स्थित कांगड़ा घाट के विस्तारीकरण के लिए ₹8.43 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं, कुंभ मेले के लिए किराये पर फर्नीचर और सजावटी कपड़ों की व्यवस्था के लिए ₹14.57 करोड़ की लागत वाले कार्य मंजूर किए गए।
जनपद टिहरी में जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली मोटर मार्ग के निर्माण के लिए ₹2.04 करोड़, पिथौरागढ़ में गणाई-बनकोट मार्ग से भट्टीगांव-तारसिमोली मोटर मार्ग के विस्तार और सुधारीकरण के लिए ₹4.09 करोड़ और देहरादून के कालसी में उद्पाल्टा-उपरौली मोटर मार्ग के अनुरक्षण के लिए ₹1.91 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
नैनीताल में कसियालेख-हरिनगर-अक्सोड़ा मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए ₹3.82 करोड़, जबकि ऊधमसिंह नगर के प्रतापपुर में छह किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क निर्माण के लिए ₹3.84 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा पौड़ी के रिखणीखाल में हेलीपैड निर्माण, नैनीताल के डौन परेवा में हेलीपैड, देहरादून कैंट में नलकूप और पंप हाउस तथा टिहरी में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों, शौचालयों और सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी मंजूर किया गया।



