देहरादूनः CM धामी ने सुनीं समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

देहरादून, 25 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर से मुख्य सेवक सदन पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान लोगों ने सीएम के सामने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों, आर्थिक सहायता, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को संबंधित विभागों से समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें, ताकि आमजन को समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत व पोस्टर का विमोचन किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।



