देहरादून

संविधान दिवसः सीएम ने किया 12 लोगों को सम्मानित

देहरादून, 26 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया। कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को व्यवहार व कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। साक्ष्यों का विधिक परीक्षण और न्यायालय में प्रभावी पक्ष रखने से जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था आधुनिक, सरल व नागरिक केंद्रित बनी है। राज्य में ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कानून का राज कायम रखने और अपराध के जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में सीएम धामी ने विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा व अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट, सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के लिए तीन घोषणाएं कीं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए जाएंगे। अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाई जाएंगी।

वहीं, उन्होंने संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ रवाना किया। साथ ही ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया। मौके पर विधायक विनोद चमोली, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button