Dehradun: सरकारी कामकाज में AI को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखंड में सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की बैठक में अधिकारियों को एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्तमान समय में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
ऐसे में राज्य के सभी विभागों में विभिन्न एआई टूल्स के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जाएं और विभागीय कार्यप्रणाली के अनुरूप इनके उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए तत्काल टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने राज्य में डेटा लेक तैयार करने की दिशा में काम शुरू करने को कहा, ताकि उपलब्ध आंकड़ों का बेहतर उपयोग कर निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
मुख्य सचिव ने सचिवों के विभागीय निरीक्षणों और भ्रमणों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों और सुझावों को संबंधित विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए। निरीक्षणों से मिले फीडबैक को इलेक्ट्रॉनिक प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने पर जोर दिया, जिससे विकास कार्यों की प्रगति और अनुपालन की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्रीधर बाबू अद्दांकी आदि मौजूद रहे।



