
ऋषिकेश, 26 नवंबर। डाक विभाग की ओर से स्थानीय कला, संस्कृति और विरासत को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत मुख्य डाकघर ऋषिकेश में ‘हमारी कहानी, डाक की जुबानी’ थीम पर फीचर वॉल के डिजाइन और स्थापना के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
पोस्टमास्टर यूएस रावत ने बताया कि मुख्य डाकघर के नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसी क्रम में डाकघर की एक दीवार पर क्षेत्र की कला, संस्कृति और विरासत को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग बनाई जाएगी। इसके लिए स्थानीय कलाकारों और इच्छुक नागरिकों से पेंटिंग के प्रारूप आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होगने के लिए स्थानीय कलाकार अपनी तैयार पेंटिंग का प्रारूप और पूर्ण बायोडाटा 30 नवंबर तक जमा कर सकते हैं। आवेदन में प्रतिभागी का नाम, पता, मोबाइल नंबर और कलाकृति का विवरण शामिल करना होगा।
इच्छुक प्रतिभागी मुख्य डाकघर में पोस्टमास्टर यूएस रावत से मोबाइल नंबर 9411148985 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त प्रस्तावों में से चयनित डिजाइन को मुख्य डाकघर की दीवार पर प्रदर्शित किया जाएगा तथा संबंधित कलाकार को उचित प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।



