Rishikesh: विधायक अग्रवाल ने मंत्री धन सिंह को सौंपा ज्ञापन

ऋषिकेश, 26 नवम्बर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने हरिपुरकला स्थित स्वामी सत्यमित्रानंद राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के रिक्त और आवश्यक पद स्वीकृत कराने की मांग उठाई है। उन्होंने इस बारे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा।
अग्रवाल ने बताया कि हरिपुर कला की आबादी करीब 30 से 35 हजार है, जबकि क्षेत्र में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज संचालित है। विद्यालय में छात्रों की संख्या अधिक होने के बावजूद पर्याप्त शिक्षकों के पद स्वीकृत नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में हिंदी व समाजशास्त्र के साथ भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों के पद भी स्वीकृत नहीं हैं। इसके चलते विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता है।
अग्रवाल ने बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा सचिव ज्योति यादव को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।



