देहरादून

देहरादूनः जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण

देहरादून, 27 नवंबर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग हॉल में नियुक्त जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्मिकों के निर्वाचन संबंधी दायित्वों, कार्यप्रणाली व प्रक्रियाओं से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महापर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है। निर्वाचन दायित्वों को कर्तव्य व लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के अवसर के रूप में लें। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शंकाओं का समय रहते समाधान कर लें। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

उन्होंने मजिस्ट्रेटों को आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों की स्थिति, पहुंच मार्ग, भवन, आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं, नेटवर्क व कनेक्टिविटी का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्नेबल व क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग कर विस्तृत डेटाबेस तैयार करने और निरीक्षण रिपोर्ट तलब की।

प्रशिक्षण में 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 और 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 मौजूद रहे। मौके पर सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button