पौड़ी गढ़वाल

श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सतपाल महाराज

एकेश्वर (पौड़ी), 29 नवंबर। प्रदेश के विकास में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्रमिक अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से विकास की आधारशिला रखते हैं। सड़कों, पुलों, भवनों, विद्यालयों और अस्पतालों आदि आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान है। सरकार श्रमिकों के जीवन में खुशहाली, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

यह बात कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कही। विकासखंड मुख्यालय पणखेत में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा मेगा शिविर आयोजित किया गया।

महाराज ने कहा कि शिविर के माध्यम से श्रमिक परिवारों को एक ही स्थान पर अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षण सामग्री वितरण से श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि स्वच्छता एवं पोषण किट परिवारों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायक होंगी। श्रमिकों के लिए 46 प्रकार की स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सराहनीय पहल है।

शिविर में 177 श्रमिकों को शिक्षण सामग्री किट, 160 को स्वच्छता किट और 180 को पोषण किट वितरित की गईं। 180 श्रमिकों ने शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान महाराज ने विभागीय एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया। एंबुलेंस का संचालन एकेश्वर और अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा।

मौके पर श्रमायुक्त एसएस रांगड, लेवर इन्स्पेक्टर एमके बेलवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथाणी, महामंत्री सुनील रावत, विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य शुयश रावत, पूर्व प्रमुख नरेन्द्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र भट्ट, सत्यराज सिंह, गणेश, डॉ. मनमोहन घिल्डियाल, अशोक पुंडीर, सीमा सजवाण, राजेश्वर जाशी, पंकज डोबरियाल, मुकेश कंडारी, वृजमोहन रावत आदि मौजूद रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button