उत्तरकाशी

बर्नीगाड़ को ₹217 करोड़ की सौगात, डिग्री कॉलेज का शुभारंभ

उत्तरकाशी, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए इसके स्थायी भवन व परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा भी की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट व चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने और डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल व सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही।

जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक व उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली। धामी ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी दिया गया है। बताया कि पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य में नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह रहे मौजूद
विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिपं अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दायित्वधारी श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button