खटीमाः सीएम धामी ने 15 कूड़ा वाहनों को दिखाई हरी झंडी

खटीमा, 25 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया के सीएसआर के तहत उपलब्ध सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं। वहीं ब्रिटानिया से स्वास्थ्य और पोषण सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ठोस व तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन में आधुनिक संसाधनों, जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कचरा संग्रहण व निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित व प्रभावी बनाया जाए।
सीडीओ दिवेश सासनी ने जिले में कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा पेश किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, अपर सचिव मुख्यमंत्री व सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली और नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स व सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह आदि मौजूद रहे।



