राज्य कर्मचारियों का डीए बढ़ा, अब मिलेगा 63 फीसदी

देहरादून, 05 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। साथ ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
केंद्र सरकार द्वारा सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत कार्यरत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाकर 63 प्रतिशत किए जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों को भी समान दर से डीए देने की स्वीकृति प्रदान की है।
इस निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के अलावा स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
शासन के निर्णय के अनुसार, एक जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अंतर का भुगतान कर्मचारियों को नकद एरियर के रूप में किया जाएगा।



