खटीमा में 14.97 करोड़ में सुधरेगा मोटर मार्ग

खटीमा, 3 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्रवासियों और आसपास के लोगों को सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका क्षेत्र से रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट संबंध जैसा है। जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। महाविद्यालय भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण के साथ सड़कों, पुलों और बस अड्डे के विकास पर भी कार्य हो रहे हैं।
धामी ने कहा कि किसानों के हित में चीनी मिल संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। जल निकासी व्यवस्था में सुधार के साथ ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों का विकास भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।



