देहरादून

दिवाली में दून में चाकचौबंद रहेगी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था

देहरादून, 03 नवम्बर। दीपावली पर्व पर आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थितियों से निपटने के लिए देहरादून जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अग्निशमन व आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के के साथ जिले के 41 जगहों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए हैं। वहीं, शहर के 23 प्रमुख व संवेदनशील स्थलों पर फायर टैंकर तैनात किए जाएंगे, ताकि आग लगने की सूचना पर तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं। शेष को भी जल्द दुरुस्त कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों के अग्निशमन वाहन दिन में तीन बार गश्त करेंगे। इससे संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

त्यागी ने व्यापारियों से विद्युत उपकरणों और बिजली के लोड को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत भार न लेने तथा दुकानों व प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

विभाग ने बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और फायर टैंकरों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की भी अपील की है। विभागीय टीमें दीपावली के दौरान पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button