सड़कों को एक दिन में करें गड्ढामुक्तः गढ़वाल आयुक्त

देहरादून, 15 अक्टूबर। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम डेडलाइन पर भी पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई है। अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हाल में हुई भारी बारिश के कारण मरम्मत और डामरीकरण के लिए अनुकूल तापमान नहीं मिल पाने से काम प्रभावित हुआ। इसके बावजूद जनपद में करीब 95 प्रतिशत सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है। शेष सड़कों पर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीनस्थ मार्गों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश दिए।
बैठक में डीजीएम सरिता बुदियाल, लोनिवि के मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता एमपीएस रावत, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता एमके मित्तल, अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव, ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक मनजीत देशवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग के नोडल अधिकारी सुरेश तोमर, आरडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विनीत कुरेल, बीआरओ के सहायक अधिशासी अभियंता योगम्बर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।



