देहरादूनः गांधी और शास्त्री को किया नमन

देहरादून, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिलें में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और नैतिकता का संदेश देते हैं। उन्होंने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने गांधीजी के अहिंसा और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद किया। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने स्वच्छता के प्रति गांधीजी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया। मौके पर एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा आदि भी मौजूद रहे।



