Resigns Uttarakhand Congress state president: उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में कांग्रेस की पराजय के बाद दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सोनिया गांधी के संबंधित प्रदेश के अध्यक्षों से इस्तीफा मांगने के बाद आज उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की हार की नैतिक जिम्मेदारी ली है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को संबोधित पत्र में गणेश गोदियाल ने लिखा कि विधानसभा चुनावों में आपके सहयोग तथा प्रदेश नेतृत्व की तमाम कोशिशों के बावजूद भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। अतः प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं अपने पद से त्यागपत्र देता हूं। इसे स्वीकार करिएगा।
वहीं, गोदियाल ने कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा सौंप दिया है। कहा कि मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर हाईकमान के आदेश की प्रतिक्षा पर रुका था। आज दिल्ली पंहुच कर जैसे ही यह अवगत हुआ कि अन्य वह सभी राज्यों के जबावदेह पदाधिकारी, जहां चुनावों में आशातीत सफलता नहीं मिली, अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, मैंने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। साथ ही कहा कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर संघर्ष करते रहेंगे।