उत्तराखंडसियासत

Breaking News: कांग्रेसी ‘जोत सिंह’ को सिसोदिया ने पहनाई ‘आप की टोपी’

सुबह कांग्रेस को दिया चुपके से झटका, शाम होने से पहले आप में हुए शामिल

Politics of Uttarakhand: उत्तराखंड की सियासत में सुबह कांग्रेस को चुपके से एक जोर का झटका लगा, तो शाम होने से पहले ही आम आदमी पार्टी की बांछें खिल गई। चार दशक तक कांग्रेस के मजबूत सिपाही वरिष्ठ उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने इस्तीफे के बाद दिल्ली पहुंचकर आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। वह पूर्व सीएम हरीश रावत की सलाह के बाद भी नहीं रुके। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उन्हें पार्टी की टोपी पहनाई। बिष्ट के साथ उनके पुत्र हेमंत बिष्ठ भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। 

2022 के विधानसभा चुनाव में धनौल्टी से मैदान में उतरे कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने सोशल मीडिया में पार्टी से अपने इस्तीफे की सूचना सार्वजनिक की। हाईकमान से लेकर प्रदेश लीडरशिप को संबोधित पोस्ट में बिष्ट ने कहा कि ”मैंने 40 साल का राजनीतिक सफर आपके सहयोग से तय किया। दुःख के साथ सूचित की रहा हूं कि लंबे समय से अंतर्कलह, अनुशासनहीनता, निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी और एकतरफा फैसलों के कारण पार्टी का भविष्य अनिश्चितता की ओर है। नेतृत्वकर्ता लगातार हार के बाद भी सबक की बजाए व्यक्तिगत हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दूर तक सुधार की कोई गुंजाइश नहीं दिखाई देतीं। इसलिए बिना किसी आरोप लगाए मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।“

जैसे ही उनकी यह पोस्ट मीडिया में सुर्खी बनी, पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपनी इंटरनेट पोस्ट में उनके त्यागपत्र को नामंजूर करने की बात लिखी। साथ ही उनसे सोशल मीडिया से पोस्ट को हटाने का आग्रह किया। मगर, जोत सिंह बिष्ट शायद पहले ही अपने आगे का सफर तय कर चुके थे।

दोपहर बाद उनके आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की खबर आ गई। दिल्ली में उपमुख्यमंत्री मनीष सियोदिया ने प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। आप की ओर से कहा गया कि जोत सिंह बिष्ट ने अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति से प्रभावित होकर पार्टी ज्वाइन की है।

वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने बिष्ट का पार्टी में स्वागत किया। कहा कि संगठन को लेकर उनकी गहरी समझ और जनता के बीच मजबूत पैठ से प्रदेश में पार्टी को निश्चित ही लाभ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button