ऋषिकेशः रंभा नदी के पुनरुद्धार को मिलेगी प्राथमिकता

ऋषिकेश, 12 अक्टूबर। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘रिफॉर्म उत्सव’ में रंभा रिवर के पुनरुद्धार और शहरी नदी प्रबंधन योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
सोमवार को नगर निगम महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के उपमहानिदेशक नलिन श्रीवास्तव, निदेशक धीरज जोशी और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में रंभा रिवर को शहरी नदी प्रबंधन योजना की प्राथमिकता सूची में शामिल कर उसके पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नदी संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का प्रभाव धरातल पर दिखना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में लक्कड़घाट स्थित नमामि गंगे परियोजना के 26 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इसमें देव सुमन विश्वविद्यालय और हैप्पी मॉन्टेसरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सीवेज शोधन की प्रक्रिया, एसटीपी की कार्यप्रणाली और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई। नलिन श्रीवास्तव ने नमामि गंगे कार्यक्रम के उद्देश्यों और गंगा की स्वच्छता के प्रयासों से अवगत कराया। उन्हें एसटीपी की निगरानी के लिए विकसित ‘गंगा प्लस पोर्टल’ की कार्यप्रणाली भी बताई गई।



