Rishikesh: बापूग्राम में खुला नगर निगम का जोनल ऑफिस

ऋषिकेश। बापूग्राम में महापौर शंभू पासवान ने नगर निगम के जोनल ऑफिस का विधिवत्त शुभारंभ किया। इसके साथ ही जोनल ऑफिस के औपचारिक संचालन की शुरुआत हो गई है।
मेयर शंभू पासवान ने कहा कि अब नगर निगम की सभी आवश्यक सेवाएं बापूग्राम जोनल ऑफिस से भी प्रदान की जाएंगी। यहां जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विकास कार्यों से संबंधित आवेदन, सफाई व्यवस्था, निर्माण संबंधी अनुमति और स्थानीय शिकायतों का पंजीकरण व निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बापू ग्राम जोनल ऑफिस की स्थापना से स्थानीय निवासियों को नगर निगम की सेवाएं अब उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में वृद्धि होगी।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि सहायक नगर आयुक्त अमन कुमार को जोनल ऑफिस का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि वरिष्ठ सहायक राजेंद्र गर्ग कार्यालय अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे
उन्होंने बताया कि बापूग्राम क्षेत्र के सफाई निरीक्षक और निर्माण कार्यों से संबंधित सहायक अभियंता भी इसी कार्यालय से कार्य करेंगे, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद कुमारी मुस्कान, सुरेंद्र सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट सहित नगर निगम के कई अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।