कोटद्वार। गोविंदनगर से सिद्धबली के दर्शनों को निकले तीन दिन से लापता तीन किशोरों के शव आज खोह नदी में मिले। घटना की खबर लगते ही किशोरों के परिवारों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक गोविंदनगर मोहल्ले के तीन किशोर तीन दिन पहले अपने घर से सिद्धबली के दर्शनों को जाने की बात कहकर निकले थे। जब शाम तक भी तीनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोज खबर की। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने किशोरों की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। लोगों ने तीनों किशोरो स्कूटी को सिद्धबली की ओर जाते देखा। सोमवार सुबह वन विभाग से पुलिस को कोटद्वार से करीब छह किमी. आगे खोह नदी में शवों के होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों किशोरों के शवों को कब्जे में लिया। कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी भी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत दे रहा है। बावजूद इसके पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि परिजनों को अपहरण के बाद हत्या की आशंका है। हालांकि मामले के असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएंगे।
ये हैं किशोरों के नाम
आर्यन (16) पुत्र विरेंद्र सिंह
मनो (13) संजीव छेत्री
रौनक (13) पुत्र कृष्ण कुमार