जल संग्रहण यात्रा का दून में पुष्पवर्षा के साथ स्वागत
सैन्य धाम में होगा पवित्र जल और शहीदों के आंगन की मिट्टी का उपयोग

देहरादून। जल संग्रहण यात्रा के देहरादून घंटाघर पहुंचने पर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। इसमें उत्तराखंड की पवित्र नदियों का जल संग्रहित कर सैन्य धाम के लिए लाया गया है। 3 जुलाई को पवित्र जल के साथ ही शहीदों के आंगन की पवित्र माटी का उपयोग सैन्य धाम के मुख्य आधार स्तंभ की आधारशिला रखने में किया जाएगा।
रविवार को उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों से पवित्र नदियों का जल संग्रहित कर यात्रा देहरादून पहुंची। घंटाघर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक सविता कपूर, खजान दास, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
सैन्य धाम में सैन्य धाम में बनने वाले अमर जवान ज्योति के मुख्य स्तंभ के निर्माण में 1734 शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी के साथ प्रदेश की प्रमुख नदियों से एकत्रित पवित्र जल भी अर्पित किया जाएगा। 30 जुलाई के कार्यक्रम में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, चीफ ऑफ डिफेन्स स्टॉफ जनरल अनिल चौहान समेत वीर नारियां भी शामिल होंगी।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के आधार पर उत्तराखंड में सैन्य धाम का निर्माण हो रहा है। भारतीय सेना में पूज्य बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह के मंदिर सैन्य धाम में बनाए जा रहे हैं। सैन्य धाम का मुख्य गेट देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा जिस प्रकार लोग चारों धामों के दर्शन को आते हैं वैसे ही सैन्य धाम देखने भी आएंगे। सैन्य धाम प्रदेश और देश के युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा। इसी भावना के साथ सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है।