देहरादून। पूर्व सीएम हरीश रावत ने आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के सम्मान के मकसद से सन्नी नींबू पार्टी का आयोजन किया। पार्टी में वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह जिंदाबाद के नारे भी खूब गूंजे। साथ ही हरीश रावत ने पार्टी में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को अपने हाथों से सन्नी नींबू के साथ पकौड़ियां भी खिलाई।
इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड के उत्पाद हमेशा मेरे कोर एजेंडे मे शामिल रहे हैं। मैं सरकार में रहा, तब मैंने राज्य के शिल्प, परिधान, ज्वैलरी, व्यंजन आदि पर हमेशा फोकस रखा है। गाड-गधेरों को पुनर्जीवित करने की बात हो यही उत्तराखंडियत है, मैं इसी के हितों की बात करता रहा हूं और करता रहूंगा। कहा कि आज बेशक चुनाव हो गया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उत्तराखंडियत को हर क्षेत्र में पहुंचाया है। यह पार्टी उनके परिश्रम के सम्मान के लिए है।
हरीश रावत ने कहा कि हमने अपने चुनाव घोषणा पत्र में ’चार-धाम, चार-काम’ के तहत बेरोजगारी, मंहगाई, पर्यटन, पारंपरिक खेती किसानी, महिलाओं की समस्याओं, सामाजिक सुरक्षा के लिए 21 प्रकार की पेंशनों आदि को शामिल किया। जिनसे करीब 10 लाख लोग जोड़े जाएंगे। हम तमाम वर्गों वाली पेंशनों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रतिज्ञा पत्र पार्टी की आत्मा के रूप में विद्यमान रहेगा।
उन्हांंने कहा कि कांग्रेस राज्य में कर्मचारियों के हितों की भी रक्षा करेगी। साहित्य, संस्कृति के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए भी अकादमी और छोटे उद्योगों को संरक्षण दिया जाएगा। हम अपने प्रतिज्ञा पत्र का पालन करेंगे। हमारी सरकार बनने पर इस दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब, निर्धन, बेसहारा, सभी कमजोर वर्गों की लडाई लडी है। यूपीए सरकार और प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हमारी तमाम योजनाएं महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों के लिए थी। भाजपा ने सत्ता में आते ही हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किया, उन्हें फिर से शुरू किया जाएगा। कहा कि कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र में 4 लाख युवाओं को रोजगार, गैस सिलेंडर 500 रुपये में, प्रत्येक परिवार को 40 हजार रुपये देने, गन्ना किसानों को उचित मूल्य देने, पर्वतीय व मैदानी इलाके के किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लाने का वादा किया है। हम अपनी घोषणाओं के प्रति वचनबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से जो जानकारियां मिल रही हैं, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। यही बात हरीश रावत ने भी अपने संबोधन में दोहराई।
यह भी रहे मौजूद
कार्यकारी अध्यक्ष शूरवीर सिंह सजवाण, दिनेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, राजकुमार, मनोज रावत, सतपाल ब्रहमचारी, आर्येन्द्र शर्मा, मथुरादत्त जोशी, पीके अग्रवाल, बिट्टू कर्नाटक, पूरन सिंह रावत, नवीन जोशी, लालचन्द शर्मा, गोदावरी थापली, डॉ. आरपी रतूडी, मनीष नागपाल, लक्ष्मण नेगी, पुरूषोत्तम शर्मा, शांति रावत, संतोष चौहान, पलक शर्मा, गरिमा दसौनी, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, बाला शर्मा, कमल सिंह रावत, दीप बोहरा, महेन्द्र नेगी, संग्राम पुंडीर, विनोद चौहान, प्रदीप जोशी, आनंद बहुगुणा, विजयेश नवानी, मीना रावत, लक्ष्मी अग्रवाल, ममता, यामीन अंसारी, अनुराधा तिवारी, मोहन काला, मनमोहन शर्मा, सुलेमान अली, अभिषेक भंडारी, विशाल मौर्य, प्रशांत खंडूरी, अरुण शर्मा, भूपेंद्र फरासी, रितेश क्षेत्री, अमित रावत, सोनू रावत, कोमल बोहरा, रेणू नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत आदि।