पौड़ी गढ़वाल

56 करोड़ में होगा सतपुली झील का निर्माण

• सीएम बोले- स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार अवसर

सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वी नयार नदी में प्रस्तावित बहुउद्देशीय सतपुली झील का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 172 करोड़ 65 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। सीएम ने क्षेत्र के लिए 6 घोषणाओं के साथ 4 अन्य घोषणाओं के परीक्षण के बाद मंजूरी देने की बात कही।

गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिले के एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत सतपुली पहुंचे। बिलखेत हेलीपेड पर कैबिनेट मन्त्री सतपाल महाराज, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल, विधायक लैन्सडौन दिलीप महंत, पौड़ी राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रशासक द्वारीखाल महेन्द्र राणा, कल्जीखाल बीना राणा, पोखड़ा प्रीति देवी, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने उनकी आगवानी की।

जिसके बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान में 123 करोड़ 53 लाख की 04 योजनाओं का शिलान्यास और 49 करोड़ 12 लाख की 20 योजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमे 56 करोड़ की लागत से बनने जा रही सतपुली झील का शिलान्यास मुख्यतया शामिल है।

उन्होंने विकासखण्ड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भरोली खाल व बीरोंखाल में नवीन भवन निर्माण, विकासखण्ड एकेश्वर व कल्जीखाल के मध्य नयार पाटीसैण व असवालस्यूं के मध्य पश्चिमी नयार नदी पर मोटर पुल, विकासखंड एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम, रवांसा नदी पर निर्मित पीपलडोंगा पुल से 500 मीटर ऊपर की ओर बैराज का निर्माण, ताड़केश्वर महादेव में पुलिस चौकी की स्थापना की घोषणा की।

सीएम ने कहा कि यह योजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। सतपुली झील का निर्माण पूरा होने से यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होंगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार की भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा और इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पलायन जैसी वृहद समस्या को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निरंतरता से कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उद्योगों में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। हमारी मातृशक्ति हर क्षेत्र में क्रांति ला रही है। मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पाद आज बड़ी-बड़ी कंपनियों को भी फेल कर रहे हैं, जिनकी डिमांड विदेशों तक होने लगी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने के लिए भी हम संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं। प्रदेश मंट 5000 एकड़ से अधिक भूमि लैंड जिहाद से मुक्त करवाई गई है। थूक जिहाद पर भी हमने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि 2025 के जनवरी माह में हम प्रदेश में यूसीसी को लागू करने जा रहे है। बहुत जल्द हम राज्य की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सख्त भू कानून लाने वाले हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल की विकास पुस्तिका का विमोचन किया।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्र में विकास योजनाओं की स्वीकृति के मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं से क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवत, भाजपा जिलाध्यक्ष कोटद्वार वीरेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष पौड़ी सुषमा रावत, एसडीएम नूपुर वर्मा, अनिल चन्याल, शालिनी मौर्या, ब्लॉक प्रशासक केश्वर नीरज पांथरी, जयहरीखाल दीपक भण्डारी, संचालक शैलेन्द्र दर्शन, मंडल अध्यक्ष सतेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!