चमोली गढ़वालयात्रा-पर्यटन

वाण से मां नंदा की विदाई पर छलकी ग्रामीणों की आंखें

डीएम और एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, दिए जरूरी निर्देश

गोपेश्वर, 17 सितम्बर। मां नंदा की जात गुरुवार को वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई। डोली प्रस्थान के दौरान वाण क्षेत्र का माहौल भावुक हो उठा। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी। इस दौरान क्षेत्र मां नंदा के जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से गूंजता रहा।

डोली प्रस्थान से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां नंदा से जात के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। जिसके बाद डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।

राजजात में 40 से अधिक छंतोलियों के साथ सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन, जागरों और मांगल गीतों के बीच डोली के साथ श्रद्धालु आगे बढ़े।

इससे पूर्व डीएम गौरव कुमार और एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अगले पड़ावों पर सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्ग और मौसम के दृष्टिगत सावधानी बरतने और निर्धारित मार्ग व दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौके पर विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी समेत जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button