Uncategorized

सीएम धामी ने युवाओं से मांगे तीन संकल्प

जन्मदिवस पर रेंजर्स ग्राउंड में युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित

देहरादून, 16 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ अपने जन्मदिवस को युवा संकल्प दिवस के आयोजन के लिए युवाओं का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के बीच जन्मदिवस मनाना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा और उत्साह उन्हें नई प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में वर्तमान युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार अहम होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रयास है कि रोजगार के लिए युवाओं को अपना घर और प्रदेश छोड़ने की मजबूरी न हो। युवा रोजगार तलाशने के साथ उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाले भी बनें।

धामी ने कहा कि राज्य युवा आयोग के गठन से युवाओं की आवाज और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने का अवसर मिलेगा। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के साथ डिजिटल सशक्तीकरण और नशे व साइबर अपराध के प्रति जागरूकता में भी भूमिका निभाएगा।

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद राज्य की खेल पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

जन्मदिवस पर धामी नेयुवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। जिनमें जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करना, स्वयं नशे से दूर रहना व दूसरों को भी इससे बचाना और सफलता मिलने के बाद अपने ज्ञान व सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास में लगाना शामिल है।
उन्होंने युवाओं से तकनीक और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और भ्रामक सूचनाओं को तथ्यों की कसौटी पर परखने की अपील की।

मौके पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button