विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए 15.45 करोड़ मंजूर

देहरादून, 22 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए करीब 15.45 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। स्वीकृत धनराशि से सड़क, पुलिया, सिंचाई गूल, भवन निर्माण, पार्क सौंदर्यीकरण और मंदिर व मेला क्षेत्र के अनुरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा व पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये और गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत मझेड़ा के प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर कुमाल्ता-स्यूसी तक संपर्क मार्ग के लिए 49.85 लाख और तौक भौरा फील्ड में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये की मंजूरी मिली है।
देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में झाझरा के बंशीवाला, सैनिक कॉलोनी और सुद्धोवाला के विभिन्न आंतरिक मार्गों में सीसी टाइल्स व नाली निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। धर्मपुर क्षेत्र के सेवलाकलां में संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
रुद्रप्रयाग के केदारनाथ क्षेत्र में तहसील बसुकेदार के आवासीय व अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 12.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी के कोटद्वार स्थित कण्वाश्रम में सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना व सौंदर्यीकरण के लिए 31.90 लाख और चम्पावत में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र के अनुरक्षण, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।



