देहरादून

Dehradun: सीएम धामी को लोगों ने बताई अपनी समस्याएं

देहरादून, 21 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने उनके सामने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता से संबंधित प्रकरण रखे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनससमयाओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि जिला या विभागीय स्तर की समस्याओं का शासन स्तर पर लंबित रहना उचित नहीं है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जन समस्याओं को सुनने के साथ ही उनका नियमानुसार जल्द समाधान भी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिनके माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री से ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी भेंट की। प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी व मुकुल ने स्वर्ण पदक और मेघा शर्मा व धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया था।

मौके पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जेसी कांडपाल, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button