विद्या भारती ने रखी शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींवः धामी
सीएम ने हाईस्कूल और इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

रुड़की, 27 जुलाई। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सफलता सिद्ध करती है कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कहा कि यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगा और भविष्य की सभी परीक्षाओं एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा देकर देशभर में शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव रखी है। कहा कि राज्य सरकार ने देश में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाया है।
सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, भारत भ्रमण कार्यक्रम, मॉडल कॉलेजों की स्थापना, आईटी लैब एवं छात्रावास निर्माण जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ’कौशलम्’ कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया। मौके पर अध्यक्ष आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर कौशल्या देवी आर्या, केंद्रीय संगठन मंत्री विद्या भारती डोमेश्वर साहू, मंत्री भारतीय शिक्षा समिति डॉ रजनीकांत शुक्ला, निदेशक आईआईटी रुड़की कमल किशोर पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ मधु सिंह, राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी, दिनेश कौशिक, अजीत चौधरी, आदेश सैनी, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।



