ऋषिकेश में जल संस्थान की नई शाखा खोलने की मांग
विधायक अग्रवाल ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को लिखा पत्र

ऋषिकेश, 27 जुलाई। स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ऋषिकेश शहर में जल संस्थान की नई शाखा स्थापित करने की मांग की है।
सीएम को लिखे मांग पत्र में अग्रवाल ने बताया, पर्यटन और तीर्थाटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ऋषिकेश में वर्ष भर देश-विदेश से सैलानियों का आवागमन बना रहता है। श्रावण मास कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है। ऐसे समय में पेयजल व सीवरेज व्यवस्था सुचारू बनाए रखनी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेयजल व सीवरेज व्यवस्था का संचालन कर रही जल संस्थान की कोई भी शाखा ऋषिकेश में उपलब्ध नहीं है। जिसके चलते स्थानीय नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए देहरादून और हरिद्वार के चक्कर काटने पड़ते हैं।
अग्रवाल ने कहा कि देहरादून से ऋषिकेश की पेयजल और हरिद्वार से सीवरेज व्यवस्था का प्रभावी अनुश्रवण भी संभव नहीं हो पाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जनसुविधा व व्यवस्था के प्रभावी संचालन के मद्देनजर ऋषिकेश में उत्तराखंड जल संस्थान का शाखा कार्यालय जल्द स्थापित किया जाए।




