Dehradun: जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम

Public Hearing : देहरादून, 27 जुलाई। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित ‘समाधान दिवस’ में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने फरियादें सुनीं। इस दर्ज 164 मामलों पर डीएम ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में देरी व लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस में भूमि धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता और मानसूनी बारिश से संपत्तियों को नुकसान से संबंधी शिकायतें दर्ज की गईं। ऋषिकेश निवासी विनीता ने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार के आर्थिक रूप से बर्बाद होने की पीड़ा साझा की और सहायता मांगी। वहीं, पल्टन बाजार की जुनतारा देवी ने बीमारी के इलाज व बेटी की स्कूल फीस और विधवा अर्चना ने बेटियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
बुजुर्ग राजपाल सिंह ने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया, जिस पर डीएम ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने का आदेश दिया। मन्नूगंज की बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सहारनपुर की विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को मौके पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के विरोध के कारण बिजली कनेक्शन न मिलने और ग्राम मानुवा में बारिश से खतरनाक बने विद्युत पोल की शिफ्टिंग के मामलों पर ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। सिद्धोवाला में सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के कब्जे और बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण से गांव की डेमोग्रामी चेंज की शिकायतों पर एसडीएम विकासनगर को जांच के निर्देश दिए गए।
विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके अलावा धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता न बनाने पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई और सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश जारी किए गए।
चकराता के ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति और ऋषिकेश बाईपास रोड अधिग्रहित भूमि के एवज में भूमि आवंटन समझौते में तेजी लाने के निर्देश एसएलएओ को दिए गए।
मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेन्द्र देव आदि अधिकारी मौजूद रहे।



