कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने दिया श्रमिकों को समर्थन
तहसील में एसडीएम को सौंपा सीएम को संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र

ऋषिकेश (शिखर हिमालय)। अखिल भारतीय सर्वजन श्रमिक कल्याण समिति के धरने को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने अपना समर्थन दिया। इस दौरान तहसील में एसडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया।
तहसील परिसर के समीप श्रमिक कल्याण समिति का बीते चार दिनों से धरना जारी है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने धरनास्थल पर पहुंच कर उन्हें अपना समर्थन दिया। इस दौरान खरोला ने कहा कि श्रमिकों के हितों की अधिकांश सुविधाएं कागजों में चल रही हैं। यहां तक कि श्रम सुधार के नाम पर जो संशोधन किए गए हैं उनसे भी श्रमिकों को अवगत नहीं कराया जा रहा है। जो कि मजदूरों के प्रति सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।
खरोला ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चिह्नित श्रमिकों को साइकिल, बच्चों की शादी और मृतक आश्रितों को आर्थिक मदद, टूल किट आदि नहीं मिल रही हैं। जिसके चलते मजदूर परेशानी का सामना कर रहे हैं।
राजपाल श्रमिक हितों की अनदेखी के लिए प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक को जिम्मेदार ठहराया। चेताया कि श्रमिकों की मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो कांग्रेस भी आंदोलन को बाध्य होगी। मौके पर प्रेमनाथ राव, फूलमती देवी, गुड्डन देवी, आशा भंडारी, हरेंद्र प्रसाद, मिंटू, पदम, अशोक आदि मौजूद थे।