
ऋषिकेश (शिखर हिमालय)। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें निजी कॉलेज के लिए संचालित किए जाने पर ऐतराज जताया है। विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने कहा कि लोगों को परेशान कर निगम मनमानी पर उतर आया है। पार्टी निगम के ऐसे रवैये को बर्दाश्त नहीं करेगी।
हरिद्वार मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में आप के विस प्रभारी राजे सिंह नेगी ने बताया कि हाल के दिनों में उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) द्वारा कुछ बसों को सार्वजनिक सेवाओं से हटाकर एक निजी कॉलेज के लिए लगा दिया। जबकि सड़कों पर बसों की किल्लत बनी हुई है। पहाड़ से लेकर लोकल रूट्स तक में लोगों को समय पर बसें नहीं मिल पाती हैं।
बताया कि यहां तक की कोरानाकाल से निगम में बसों और कर्मचारियों तक की कमी है। बावजूद इसके ऋषिकेश डिपो द्वारा कुछ बसें सार्वजनिक सेवाओं से हटाकर एक निजी कॉलेज के लिए लगा दी। दूसरी तरफ सड़कों पर दौड़ने की बजाए अधिकांश बसें निगम की वर्कशॉप में हैं। ऐसे में आम लोगों की परेशानी से परिवहन निगम को कोई सरोकार नहीं।
नेगी ने चेताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम ने जल्द ही इस मामले में कार्यवाही नहीं की, तो आम आदमी पार्टी सड़क पर उतर कर निगम के खिलाफ आंदोलन को बाध्य होगी। मौके पर जिला संगठन मंत्री दिनेश असवाल, प्रभात झा, दिनेश कुलियाल, हिमांशु नेगी, अश्वनी सिंह, पंकज गुसाईं, अजय रावत, मनमोहन नेगी, चंद्रमोहन भट्ट उपस्थित थे।