अजीत डोभाल पर राहुल की टिप्पणी से धामी नाराज

देहरादून, 13 अक्टूबर। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सीएम धामी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सामरिक हितों के संरक्षण में डोभाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक बयान देते समय नेताओं को भाषा और तथ्यों की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं से भी सवाल किया कि राहुल गांधी की टिप्पणियों पर वे चुप क्यों हैं? पूछा कि क्या प्रदेश कांग्रेस के नेता अपने शीर्ष नेतृत्व से इस मुद्दे पर सवाल करेंगे और अजीत डोभाल के प्रति अपना रुख स्पष्ट करेंगे।
धामी ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ होनी चाहिए। कहा कि उत्तराखंड अपने सपूतों के सम्मान से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने को सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी बताया।
कांग्रेस के पास नहीं कोई मुद्दा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर चुनावी मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और अब एसआईआर पर सवाल उठा रही है। धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया से अधिक चुनाव में मिलने वाले जनादेश से परेशानी है। उन्होंने राहुल गांधी पर निराधार आरोप लगाकर भ्रम का माहौल बनाने का आरोप भी लगाया।



