ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मिली बड़ी राहत

देहरादून, 14 अक्टूबर। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं। किसानों को निर्धारित आपदा राहत मानकों के अतिरिक्त समान राशि की सहायता दी जाएगी। बिजली बिलों के भुगतान में राहत और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की अदायगी स्थगित कराने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि, औद्यानिकी और गन्ने की फसलों को हुए नुकसान के लिए निर्धारित आपदा राहत राशि के बराबर अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी। इस फैसले से फसल क्षति झेल रहे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे आगामी कृषि कार्यों को जारी रख सकेंगे।
प्रभावित किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर माह के बिजली बिलों का भुगतान स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों पर तत्काल आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा राज्य सरकार किसानों के केसीसी ऋण की अदायगी तीन माह तक स्थगित कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी। इस संबंध में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा, ताकि प्रभावित किसानों को ऋण चुकाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न कठिनाइयों से उन्हें उबारने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आजीविका सुरक्षित रखने और कृषि गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।



