उत्तराखंडस्वास्थ्य

उत्तराखंडः पांच साल में खुले तीन नए सरकारी मेडिकल कॉलेज

देहरादून, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में पिछले पांच वर्षों के दौरान तीन नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू हुए हैं। वहीं, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को जल्द ही 100 एमबीबीएस सीटों का आवंटन मिलने की उम्मीद है। इससे प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के अवसर और बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना है। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं। वर्तमान में हल्द्वानी, श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज धामी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए हैं।

प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में फिलहाल एमबीबीएस की 675 सीटें हैं। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को 100 सीटें मिलने के बाद यह संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। इसके अतिरिक्त चार निजी मेडिकल कॉलेजों में 900 और एम्स ऋषिकेश में 125 एमबीबीएस सीटें हैं। इस तरह प्रदेश में कुल सीटों की संख्या लगभग 1700 तक पहुंच जाएगी।

चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना के अनुसार, मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच से उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य को चिकित्सा शिक्षा में आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर स्थानीय स्तर पर योग्य डॉक्टर तैयार करना और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button