
उत्तरकाशी (शिखर हिमालय)। भाजपा और कांग्रेस में अभी टिकटों को लेकर कवायद शुरू भी नहीं हुई और आम आदमी पार्टी ने पहले नाम की घोषणा भी कर दी है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने आज आप से मुख्यमंत्री के चेहरे कर्नल अजय कोठियाल के गंगोत्री विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया।
उत्तराखंड के दो दिनी दौरे पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया मंगलवार को देहरादून पहुंचे थे। यहां उन्होंने व्यापारियों के और कुछ अन्य लोगों से भी बातचीत की। आज वह उत्तरकाशी पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए सबसे पहले गंगोत्री सीट पर आम आदमी पार्टी से कर्नल अजय कोठियाल के चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
प्रेसवार्ता में सिसौदिया ने कहा कि कर्नल कोठियाल लंबे समय से उत्तरकाशी के लोगों के साथ दिल से जुड़े हुए हैं। युवाओं में उनके नाम और काम को लेकर उत्साह है। नेहरु पवर्तारोहण संस्थान के प्रधानचार्य रहते हुए उनके काम से पूरा उत्तराखंड परिचित है। स्थानीय युवाओं को सेना की भर्ती के लिए तैयार करने के लिए यूथ फाउंडेशन की शुरूआत भी यहीं से हुई थी।
सिसौदिया ने कहा कि पार्टी ने गंगोत्री विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए उनका नाम तय कर दिया है। कहा कि राजनीतिक दलों ने 20 वर्षों में उत्तराखंड के लोगों के हितों की अनदेखी की। मगर, आप उत्तराखंड में सत्ता में आने पर राज्यवासियों के हक उन्हें देने का काम करेगी। उन्होंने उत्तरकाशी गंगोत्री और प्रदेश की जनता से कर्नल कोठियाल और आप को समर्थन देने की अपील भी की।