हरिद्वार

कांवड़ मेलाः हरिद्वार पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान

Kanwar Mela 2026 : हरिद्वार, 28 जुलाई। कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने टै्रफिक प्लान जारी कर दिया है। पुलिस ने अपील की है कि आम नागरिक, श्रद्धालु और वाहन चालक हरिद्वार की यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर ले लें।

इस वर्ष श्रावण मास 28 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। श्रावण के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे, जबकि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए जिले में चरणबद्ध तरीके से रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस के अनुसार सामान्य दिनों में हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए पूर्व निर्धारित मार्ग यथावत रहेंगे, जबकि कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट तय किए गए हैं। सहारनपुर, यमुनानगर, दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती और लक्सर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

वहीं मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को गौरीशंकर व नीलधारा पार्किंग और देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को लालजीवाला व चमगादड़ टापू पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से आने-जाने वाली रोडवेज और अन्य यात्री बसों का संचालन इसी एक्सप्रेसवे से किया जाएगा।

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों के लिए मोतीचूर पार्किंग व अन्य राज्यों से आने वाली बसों के लिए बैरागी कैंप सहित निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

भारी वाहनों पर भी विशेष प्रतिबंध लागू रहेगा। 29 व 30 जुलाई से 4 अगस्त तक इनका संचालन केवल रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक किया जाएगा, जबकि 5 व 6 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को मंडावर, चिड़ियापुर और कांगड़ी पार्किंग में रोका जाएगा।

चारधाम यात्रा को प्रभावित न होने देने के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं पैदल कांवड़ियों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button