सीएम ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को किया फ्लैग ऑफ

देहरादून, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत छह प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक वितरित किए। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। परिवहन विभाग ने बताया कि पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को स्वच्छ, आधुनिक और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की ओर अग्रसर करने का राज्य सरकार का संकल्प है। कहा कि नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार कर रही है। प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि रोप-वे और आधुनिक अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम के विकास पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को हरित परिवहन क्रांति का अग्रदूत बताते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास का लक्ष्य साकार होगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी हरित राज्यों में स्थापित किया जा सकेगा।
मौके पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव परिवहन रविनाथ रमन आदि मौजूद रहे।



