Dehradun: नंदा की चौकी पुल सुरक्षित, सिर्फ एप्रोच रोड धंसी
विभागीय मंत्री सतपाल महाराज, सचिव और डीएम मौके पर पहुंचे

देहरादून, 28 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने नए पुल को लेकर फैली पुल टूटने की खबरों को शासन और प्रशासन ने भ्रामक बताया है। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुल का मुख्य ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है। केवल एप्रोच रोड (संपर्क मार्ग) का एक हिस्सा नीचे से भरान बह जाने के कारण धंसा है, जिसकी युद्धस्तर पर मरम्मत की जा रही है।
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि भारी बारिश के दौरान रिटर्न वॉल के एप्रोच में किए गए मिट्टी भरान के भीतर से पानी निकलकर एप्रोच रोड तक पहुंच गया, जिससे वहां कैविटी बन गई और सड़क का हिस्सा धंस गया।
उन्होंने विभागीय सचिव और प्रमुख अभियंता को तत्काल मरम्मत कर पुल को जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। मौके पर बुलडोजर और लोक निर्माण विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं।
लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य अभियंता को मौके पर भेजकर एप्रोच रोड की मरम्मत के साथ घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी का बहाव तेज है, जिसे नियंत्रित करने के लिए सिंचाई विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। साथ ही प्रदेशभर में बंद सड़कों को 24 घंटे के भीतर खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तकनीकी विशेषज्ञों के साथ स्थल का निरीक्षण कर तीन घंटे के भीतर सड़क को सुचारू करने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि पुलिया को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें।



