
भाजपा शासित गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने चुनाव से 15 महीने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मीडिया से बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में गुजरात को नई दिशा मिली है। उन्होंने भाजपा का आभार जताया कि पार्टी ने उनके जैसे आम कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा था।
विजय रूपाणी ने गुजरात के राज्य पाल आचार्य देवव्रत को अपना त्यागपत्र सौंपने के बाद मीडिया से बात की।रूपाणी ने पांच वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। कहा मेरे कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन मिलता रहा है। मुझे गुजरात के लिए जो भी काम करने का अवसर मिला उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रगुजार हूं। भाजपा की परंपरा के अनुसार कार्यकर्ता को जो भी जिम्मेदारी मिलती है वह उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के द्वारा आगे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाऊंगा।
रुपाणी 2017 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। उनके इस्तीफे के सवालों पर रूपाणी ने कहा कि संगठन के साथ उनकी कोई तकरार नहीं। गुजरात विकास के रास्ते पर आगे भी चलता रहेगा। एक सवाल पर बोले अगले सीएम का चयन पार्टी करेगी।
बता दें कि करीब 15 महीने बाद 2022 में गुजरात में विधानसभा चुनाव होना है। इससे पहले उनके त्यागपत्र को लेकर सियासी तौर पर चर्चाएं तेज हैं।