अगस्त में ट्रैकिंग पॉलिसी कैबिनेट में पेश करने का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने इको टूरिज्म को लेकर वन अधिकारियों के साथ की चर्चा

देहरादून, 13 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने इको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ाए जाने को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि उत्तराखंड में इको-टूरिज्म के लिए अत्यधिक सम्भावनाएं हैं। इसे प्रदेश के नागरिकों की आर्थिकी से जोड़ने की आवश्यकता है। ताकि प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना हम वनों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ सकें।
सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने पिछली बैठक के दिशा-निर्देशों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभाग को प्रदेश में ट्रैकिंग पॉलिसी तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए। विभाग को ट्रैकिंग पॉलिसी अगस्त महीने तक कैबिनेट में पेश करने का लक्ष्य दिया है।
बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश में ट्रैकिंग के लिए नई चोटियों को भी खोला जाए। इसके लिए सभी आवश्यक अनुमतियों और मंजूरियों की प्रक्रिया को तत्काल शुरू किया जाए। बर्द्धन ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को चिन्हित चोटियों का ऑडिट कार्य में तेजी लाते हुए जल्द रिपोर्ट तलब की है।
मुख्य सचिव ने फॉरेस्ट के अंतर्गत माउंटेनियरिंग, ट्रैकिंग, टूरिस्ट साईट्स व वन विश्राम गृहों की सभी बुकिंग्स को ऑनलाइन मोड पर करने को कहा। कहा कि इससे क्षमता से अधिक बुकिंग को रोका जा सकेगा। उन्होंने जबरखेत मॉडल के अनुरूप विकसित की जाने वाली 9 साइट्स को अक्टूबर माह तक लोकार्पित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में फॉर्मल नेचर गाईड ट्रेनिंग की व्यवस्था शुरू किए जाने की भी बात कही। कहा कि प्रदेश में इसके लिए स्थायी ट्रेनिंग सेंटर और पाठ्यक्रम निर्धारित किया जाए। इसके लिए भारत सरकार द्वारा संचालित पाठ्यक्रम के साथ ही कुछ अतिरिक्त पाठ्यक्रम जोड़ते हुए सर्टिफिकेशन कोर्स शीघ्र शुरू किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अक्टूबर में वाईल्ड लाईफ के वीक के अवसर पर इसे शुरू किए जाने का लक्ष्य दिया।
मुख्य सचिव ने वन विश्राम गृह एवं ट्रेकिंग के लिए चिन्हित 31 साइट्स के साथ इको कैम्प और इको हब के संचालन के लिए वन विभाग और वन निगम में से किसी एक का चयन करते हुए, एक माह में योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वन प्रमुख (हॉफ) कपिल लाल, सचिव वन सी. रविशंकर, धीराज गर्ब्याल, पीसीसीएफ नीना ग्रेवाल, सीसीएफ इको-टूरिज्म पी.के. पात्रो, अपर सचिव हिमांशु खुराना आदि अधिकारी मौजूद रहे।



