देहरादूनयात्रा-पर्यटन

देहरादूनः सोमनाथ के दर्शनों को 700 श्रद्धालु रवाना

हर्रावाला स्टेशन पर सीएम धामी ने विशेष रेलयात्रा को दिखाई हरी झंडी

देहरादून, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेलवे स्टेशन हर्रावाला से ’सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष में वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेलयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इसे केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि छह दिवसीय इस यात्रा में प्रदेश से लगभग 700 श्रद्धालु सहभागी बन रहे हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी माताएं-बहनें, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, अदम्य विश्वास और पुनरुत्थान का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद सोमनाथ ने पूरे विश्व को यह संदेश दिया कि भारत हर चुनौती के बाद और अधिक शक्ति के साथ आगे बढ़ता है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार भी उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने को प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे जहां भी जाएं, उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ’अतिथि देवो भवः’ की भावना का प्रतिनिधित्व करें। वह केवल सोमनाथ के दर्शन करने नहीं जा रहे हैं, बल्कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के भी प्रतिनिधि हैं।

इस अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button