Dehradun: समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, 176 शिकायतें दर्ज

देहरादून, 13 जुलाई। समाधान दिवस पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित शिविर में फरियादियों का सैलाब उमड़ा। करीब 4 घंटे शिविर में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता, फीस माफी आदि से जुड़ी 176 शिकायतें दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सामने आए पारिवारिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया। जीवनगढ़ निवासी 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी ने बेटे-बहू पर मकान कब्जाने और मारपीट का आरोप लगाया। जिसपर एसडीएम विकासनगर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की ऐसी ही शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार को तत्काल जांच सौंपी गई।
संजय कॉलोनी की पूजा देवी ने बताया कि पति के निधन के बाद ननदों ने मकान पर कब्जा कर उसे बच्चों सहित मायके में रहने पर मजबूर किया है। एडीएम ने एसडीएम विकासनगर को इसपर तुरंत एक्शन लेने को कहा गया। जोगीवाला की तुलसी देवी और निरंजनपुर की फूलों देवी के पतियों द्वारा मारपीट और दहेज उत्पीड़न की शिकायत पर पुलिस और प्रशासन को पीड़िता की मदद के निर्देश दिए गए।
केदारपुरम की अनीता गुप्ता ने रजिस्ट्री में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बताया कि पति की मृत्यु के बाद, पूरा पैसा लेने के बावजूद विक्रेता ने धोखा देकर जमीन अपने नाम ही रख ली। इस फर्जीवाड़े की जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई है।
ग्राम पंचायत झाझरा में एक वार्ड सदस्य द्वारा और डोईवाला के कान्हरवाला में ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत पर बीडीओ और एसडीएम डोईवाला को तत्काल पैमाइश कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए। प्रेमपुर माफी में भूमि खरीदने के बाद भी कब्जा न मिलने पर तेजस्विनी लक्ष्मी बिष्ट और अन्य की शिकायत पर एसडीएम को जांच के आदेश दिए गए।
बैंक ऋण चुकता न होने पर एक मकान सीज होने के साथ वहां चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का सामान भी सीज हो गया था। जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से तालमेल बिठाकर तुरंत आंगनबाडी केंद्र का सामान वापस दिलाने को कहा गया।
शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में देरी से बच्चों को हो रही परेशानी पर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को काम में तेजी लाने और तब तक के लिए वैकल्पिक मार्ग को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत कावाखेड़ा में टोंस नदी से पंपिंग योजना तथा खनन प्रभावित क्षेत्र फनार, नीनूस, मेन्द्रथ, पुनहा पोखरी में सिंचाई और पाइपलाइन के लिए खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। श्रावण मास के प्रसिद्ध ‘गणियात मेले’ और ‘दखडान मेले’ में सांस्कृतिक दलों की व्यवस्था के लिए जिला पर्यटन अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई।
मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार समेत जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



