उत्तराखंडयात्रा-पर्यटन

गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का श्रीगणेश

दोनों धामों में पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा, सीएम परिवार समेत पहुंचे गंगोत्री

Chardham Yatra 2022: हिंदुओं की आस्था के हिमालयी तीर्थ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर्व पर मंगलवार को धार्मिक विधिविधान से दर्शनार्थियों के लिए खुल गए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2022 का भी श्रीगणेश हो गया है। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दोनों तीर्थों के दर्शनों को पहुंचे। दोनों ही धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्नी के साथ स्वयं गंगोत्री के दर्शनों को पहुंचे।

मंगलवार सुबह 06 बजे भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से मां गंगा की चल विग्रह मूर्ति डोली श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। करीब साढ़े आठ बजे गंगोत्री पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक रीति पूर्वाह्न 11.15 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल, मंदिर समिति अध्यक्ष हरीश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, डीएम अभिषेक रुहेला, एसपी अर्पण यदुवंशी आदि मौजूद रहे।

सवा 12 बजे खुले यमुनोत्री धाम के कपाट
यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के पर्व पर आज दोपहर 12.15 बजे अभिजीत मुहूर्त में पूजा अर्चना के बाद ग्रीष्मकाल के लिए खुल गए।

आज सुबह खरसाली में पूजा-अर्चना के साथ ही मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली में विराजित किया गया। साढ़े 8 बजे डोली पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ शनिदेव महाराज की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यमुना और शनिदेव के जयकारों के साथ श्रद्धालु डोली के साथ पैदल यमुनोत्री पहुंचे।

इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोपहर 12.15 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खोले गए। भैया दूज तक अगले छह महीने तीर्थयात्री मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button