
पौड़ी। नैनीडांडा ब्लाक के कसाना पल्ला गांव के समीप एक महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर घायल कर दिया। महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैनीडांडा भर्ती कराया गया। लेकिन महिला की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ग्राम प्रधान शकुंतला देवी के मुताबिक कसाना पल्ला गांव निवासी रोशनी देवी (28) पत्नी कृष्णपाल सिंह सोमवार शाम करीब चार बजे गांव के करीब खेत में मवेशियों के लिए घास काट रही थी। तभी अचानक झाड़ी में घात लगाकर बैठे जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया।
अचानक हमले से भयभीत महिला के चिल्लाने पर आसपास खेतों में अन्य महिलाएं ने शोर मचाया तब जाकर सूअर जंगल की ओर भागा। परिजनों ने लहूलुहान हालत में महिला को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैनीडांडा ले गए।
चिकित्सक ने बताया कि महिला के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।