देहरादून

अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड का राज्य अतिथि गृह

रुद्रपुर में इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित

देहरादून, 13 सितम्बर। उत्तराखंड की विकास परियोजनाओं में सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और खेल सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सचिव, आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में अयोध्या और रुद्रपुर की प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की।

अयोध्या धाम में करीब 67.83 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से उत्तराखंड का राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है। भवन को पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी आंतरिक सज्जा में भी उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।

भवन के तल अलग-अलग थीम पर आधारित होंगे। इनमें ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली जैसे प्रदेश के प्रमुख प्राकृतिक व सांस्कृतिक प्रतीकों को शामिल करने की योजना है। मूल प्रस्ताव में शामिल ‘बारात घर’ को हटाकर भवन को अतिथि गृह की आवश्यकताओं और निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, रुद्रपुर के मोदी मैदान में 2332.05 लाख रुपये की संशोधित लागत से इंडोर व आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाना है। परियोजना का पूर्व आगणन 2374.56 लाख रुपये था। संशोधित प्रस्ताव को विभागीय व्यय समिति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है।

इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस के साथ करीब एक किलोमीटर का साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ बनाया जाएगा। खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए टॉयलेट व चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी होगी।

लागत नियंत्रित करने के लिए बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम कर लोहे की ग्रिल लगाने का प्रावधान किया गया है। सचिव ने कहा कि परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर विभाग का फोकस है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button