उत्तराखंड बनेगा देश की ‘खेलभूमि’: सीएम धामी
हल्द्वानी के गौलापार में रखी खेल विश्वविद्यालय की नींव

हल्द्वानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय और मानसखंड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय खेल शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। खेल विश्वविद्यालय भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा। कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।
धामी ने कहा कि सरकार का खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही सुविधाएं देने पर जोर है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी की व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को नियुक्ति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 23 हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की तैयारी है। कहा कि 2027 के राष्ट्रीय खेलों में अधिक पदक और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड की मजबूत मौजूदगी के लक्ष्य के साथ रोडमैप तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों की फिटनेस के आकलन के लिए ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ भी विकसित किया गया है।
पदक विजेताओं को किया सम्मानित
इस अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न और लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिला। वर्ष 2025 में शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य और बॉक्सर मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, रेनू अधिकारी, हुकुम सिंह कुंवर, दीपक माहरा, कुलदीप बुटोला, मोहन पाठक, उत्तराखंड ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेश नेगी, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे आदि मौजूद रहे।



