
रायवाला (चित्रवीर क्षेत्री)। नपूर शर्मा (Nupoor Sharma) के समर्थन को लेकर साध्वी प्राची (Sadhvi Prachi) को एक धमकी भरा पत्र मिला है। साध्वी प्राची विश्व हिंदू परिषद केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की सदस्य हैं। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद साध्वी के आश्रम की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को साध्वी प्राची को हरिपुरकला स्थित आश्रम के गेट पर एक गुमनाम पत्र मिला। साध्वी ने रायवाला पुलिस थाने पहुंचकर इसकी जानकारी थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी को दी है। बताया जा रहा है पत्र की भाषा उर्दू की लिखावट जैसी है। जानकारों से अनुवाद कराए जाने पर उसमें उदयपुर के ‘कन्हैया जैसे हाल’ करने की धमकी का जिक्र है।
थानाध्यक्ष पुजारी के अनुसार इस संवेदनशील मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया कि पत्र में धमकी देने वाले का नाम अंकित नहीं है। उन्होंने बताया कि साध्वी प्राची के हरिपुरकलां स्थित आश्रम की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है।
बकौल साध्वी प्राची, नुपूर शर्मा का समर्थन करने पर ही संभवतः उन्हें यह धमकी भरा पत्र भेजा गया है। उन्हें जान का खतरा है।