उत्तराखंड में इसबार कांग्रेस (Congress) से एकमात्र राज्यसभा सीट भी छिन जाएगी! बहुमत के चलते इस सीट के भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के पक्ष में जाना लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी पैनल की तैयारी में जुट भी गई है। सियासी हलके में इस सीट के लिए संभावित नामों पर कयास लगने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पैनल में दो-तीन महिलाओं के नाम भी शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि चार जुलाई को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा (Pradeep Tamta) का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। जिसके लिए जून में चुनाव की संभावना है। भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक (Madan Kaushik) ने इस सीट के लिए मई पहले सप्ताह तक पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजने की बात कही है। अगले कुछ दिनों में बैठकों के बाद संभावित नामों से पर्दा भी उठ जाएगा।
कौशिक के अनुसार पैनल में छह लोगों के नाम होंगे। इनमें 2-3 महिलाओं के नाम भी संभावित हैं। विधानसभा में भाजपा के 46 तो कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं। 2 सीटें बसपा और दो निर्देलियों पास हैं। भाजपा के कैलाश चंद्र गहतोड़ी के त्यागपत्र के बाद चंपावत सीट फिलहाल खाली है। निर्देलियों के वोट को भी जानकार भाजपा के पक्ष में ही मान रहे हैं। इसी आधार पर इस राज्यसभा सीट पर भाजपा की जीत करीब-करीब तय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद राज्यसभा सीट को लेकर सियासी हवा में कई नाम तैरने लगे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत (Trivendra Singh Rawat), विजय बहुगुणा (Vijay Bahuguna), हाल में सीएम धामी के लिए सीट कुर्बान करने वाले कैलाश चंद्र गहतोड़ी (Kailash Chandra Gahtori), दीप्ति रावत (Deepti Rawat) और स्वराज विद्वान (Swarak Vodwan) के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। अभी तक सियासी पंडित त्रिवेंद्र सिंह रावत और विजय बहुगुणा की संभावित दावेदारी को प्रबल बता रहे हैं।